बीईओ कार्यालय पाटन के सामने से शिक्षक की मोटरसाइकिल चोरी, महीनों से बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर उठे सवाल
पाटन। विकासखंड शिक्षा कार्यालय (बीईओ) पाटन से 5 जून को एक शिक्षक की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खर्रा प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक देवनारायण बघेल शासकीय कार्य से बीईओ कार्यालय पाटन आए थे। शाम करीब 7 बजे जब वे कार्यालय से बाहर निकले तो उनकी फैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AUS 5789 वहां खड़ी नहीं मिली। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल चोरी कर लिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद शिक्षक देवनारायण बघेल ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि बीईओ कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन कई महीनों से खराब होने के कारण बंद पड़े हैं। यदि कैमरे चालू होते तो चोरी की घटना का सुराग मिलने की संभावना अधिक रहती।


सूत्रों के अनुसार रात में चौकीदार के पहुंचने से पहले ही मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी थी। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व तहसील कार्यालय परिसर से भी एक मोटरसाइकिल चोरी हुई थी, जिसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच शासकीय कार्यालयों में लगे सीसीटीवी कैमरों की खराब स्थिति और उनकी देखरेख को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिए जाने से भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
वहीं, वाहन चोरी से परेशान शिक्षक देवनारायण बघेल न्याय और कार्रवाई की उम्मीद में थाने के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।






