अम्लेश्वर में दो कांग्रेसी नेताओं के बीच विवाद, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी के आरोप; तीन गिरफ्तार
अम्लेश्वर। अम्लेश्वर थाना क्षेत्र में दो प्रमुख कांग्रेसी नेताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार अनीता साहू के साथ कथित रूप से अभद्र गाली-गलौज की गई तथा पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष उमेश कुमार साहू को जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में अम्लेश्वर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार दीपक वर्मा, जय साहू एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति मोनू साहू के नाम आरोपी के रूप में सामने आए हैं। घटना के बाद नगर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


जानकारी के अनुसार मोनू साहू पूर्व जिला पंचायत सभापति रह चुके हैं तथा नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। वहीं उमेश कुमार साहू पूर्व में नगर पालिका उपाध्यक्ष के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। दोनों नेताओं को नगर की राजनीति में प्रभावशाली चेहरों के रूप में देखा जाता है।
विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत कथित तौर पर उमेश साहू और दूसरे पक्ष के बीच फोन पर हुई बातचीत से हुई। इसके बाद मोनू साहू अपने कुछ साथियों के साथ उमेश साहू के निवास पहुंचे, जहां विवाद बढ़ गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान गाली-गलौज, अभद्र भाषा का प्रयोग तथा जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही अनीता साहू के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है।
मामले में कार्रवाई करते हुए अम्लेश्वर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि विवाद का संबंध साहू समाज के सामाजिक चुनाव और उससे जुड़ी सामाजिक राजनीति से हो सकता है। बताया जाता है कि दोनों पक्ष समाज में सक्रिय भूमिका निभाते हैं तथा प्रमुख सलाहकारों के रूप में भी कार्यरत रहे हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।






