साल भर पहले कार्यवाही कर, प्रशासन मौन, मोतीपुर-अम्लेश्वर मार्ग पर सरकारी भूमि पर बढ़ता अवैध कब्जा, कार्रवाई में भेदभाव के आरोप

पाटन-अम्लेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत मोतीपुर में मोतीपुर चौक से अम्लेश्वर रोड स्थित उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय सांकरा तक सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे की सरकारी जमीन के साथ-साथ वन विभाग की भूमि पर भी अतिक्रमण किया जा रहा है, जिसके कारण जंगल क्षेत्र की बाउंड्री वॉल तक सुरक्षित नहीं रह गई है।
क्षेत्र में भूमि कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा धड़ल्ले से अवैध प्लाटिंग किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। विशेष रूप से महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के आसपास अवैध निर्माण और प्लाटिंग के मामले अधिक देखने को मिल रहे हैं। आरोप है कि इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।


जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष तहसीलदार पाटन के नेतृत्व में अभियान चलाकर लगभग 6 से 7 दुकानों एवं मकानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाया गया था। उस समय लोगों को उम्मीद थी कि संबंधित खसरे में किए गए सभी अवैध कब्जों पर समान रूप से कार्रवाई होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल कुछ निर्माणों को हटाकर प्रशासन ने कार्रवाई सीमित कर दी, जबकि अन्य अवैध निर्माण आज भी संचालित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि शेष निर्माण भी अवैध हैं तो उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि कार्रवाई में भेदभाव बरता गया, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल है। बताया जा रहा है कि कुछ माह तक निर्माण गतिविधियां धीमी रहीं, लेकिन अब फिर से बड़े पैमाने पर अवैध कब्जा और निर्माण कार्य शुरू हो गए हैं। सड़क किनारे दुकानें और आवासीय मकान बनाए जा रहे हैं, जबकि प्रशासन फिलहाल मौन नजर आ रहा है।
ग्राम पंचायत मोतीपुर के सरपंच मोहन लोधी ने बताया कि मोतीपुर चौक से अम्लेश्वर रोड तक सड़क किनारे बने अवैध कब्जों, दुकानों और मकानों के संबंध में सभी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में प्रशासन सभी मामलों में समान रूप से कार्रवाई करेगा।
वर्जन – मोहन लोधी, सरपंच, ग्राम पंचायत मोतीपुर
“रोड किनारे अवैध कब्जा कर मकान बनाए गए हैं। पिछले वर्ष कुछ मामलों में कार्रवाई हुई थी। उम्मीद है कि आगे भी सभी प्रकरणों में कार्रवाई होगी। सभी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया गया है।”
वर्जन – एसडीएम, पाटन
“सभी शिकायतें प्राप्त हुई हैं और प्रकरण दर्ज हैं। आने वाले समय में पुनः कार्रवाई की जाएगी।”






