अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए प्रतिभागियों ने किया उत्साहपूर्वक अभ्यास

रायपुर, 20 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह शिविर दिनांक 18 जून से 20 जून 2026 तक कृषि मंडपम, कृषि महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना विश्वविद्यालय प्रकोष्ठ एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर के अंतिम दिवस विश्वविद्यालय परिवार के विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग के महत्व को आत्मसात किया। प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा नियमित योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संदेश प्राप्त किया।

इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गिरीश चंदेल ने भी योग प्रशिक्षण शिविर में सम्मिलित होने की अपनी इच्छा व्यक्त की। हालांकि पूर्व निर्धारित आधिकारिक प्रवास एवं व्यस्त कार्यक्रम के कारण वे प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके। इसके बावजूद उन्होंने विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग के महत्व को समझने तथा उसे अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। कुलपति महोदय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन का आधार है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनाना चाहिए।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को 21 जून 2026 को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन कृषि मंडपम, कृषि महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें वे माननीय राज्यपाल महोदय के साथ योगाभ्यास कर योग के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों से योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना विश्वविद्यालय प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के विश्वविद्यालय कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुबुही निषाद को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. निषाद के मार्गदर्शन एवं समन्वय से आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर प्रतिभागियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायक रहा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राष्ट्रीय सेवा योजना भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन करती रहेगी तथा युवाओं में सेवा, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सुश्री संगीता निर्मलकर के प्रशिक्षण में डॉ. पायल जैसवाल, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रा इकाई, कृषि महाविद्यालय रायपुर, डॉ. राम कुमार ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई, तथा डॉ. सुबुही निषाद, कार्यक्रम समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया और योग को स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। अतः प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए।

शिविर के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में सक्रिय सहभागिता करेंगे तथा योग को अपने जीवन में अपनाने के साथ-साथ इसके व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु भी कार्य करेंगे। प्रतिभागियों ने समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा “योगमय भारत, स्वस्थ भारत” के निर्माण में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर ने प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराने के साथ-साथ स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा में प्रेरित किया।

“शिविर के अंतिम दिवस छात्राओं द्वारा योग पर आधारित आकर्षक संगीतमय योग संरचना (Musical Yoga Formation) की प्रस्तुति दी गई। संगीत की मधुर लय के साथ विभिन्न योगासनों एवं मुद्राओं का सुंदर समन्वय प्रस्तुत कर छात्राओं ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रस्तुति ने योग के प्रति जागरूकता एवं उत्साह का संदेश देते हुए कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।”

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!