शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशित बच्चों का आत्मीय स्वागत, वितरित की गई पाठ्य सामग्री

पाटन/सेलुद। विकासखंड पाटन अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलुद में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में नव-प्रवेशित बच्चों का तिलक लगाकर, फूलों की माला पहनाकर एवं मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत सेलुद के सरपंच खिलेश मारकंडे ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें गुलाल लगाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म एवं अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्रियों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर उपसरपंच राकेश साहू, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती एम. बी. बंजारे, पूर्व सरपंच श्रीमती खेमीन साहू, सीता बंछोर, ममता ठाकुर, किरण सोनवानी एवं विजय टंडन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पालक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवीन सत्र में बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय से उनका भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना रहा। उपस्थित सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







