सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमराव की 44 छात्राओं को मिली साइकिल

अम्लेश्वर। विकासखंड पाटन अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमराव में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं की 44 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत जमराव की सरपंच श्रीमती जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गीता साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री भेषकुमार सोनकर सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती जागेश्वरी सोनकर ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने, अपने सपनों को साकार करने तथा परिवार, समाज और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य श्रीमती गीता साहू ने कहा कि राज्य शासन की सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी शिक्षा निरंतर जारी रखने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में छात्राओं एवं उनके पालकों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाएँ, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।







