नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ, कुलपति ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
अमलेश्वर, 02 अगस्त 2026। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग अंतर्गत उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र सांकरा में आज “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान पूरे देश में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ, जिसमें युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रवि आर. सक्सेना ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है तथा युवा पीढ़ी को इससे दूर रहकर अपने लक्ष्य एवं राष्ट्र निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।



इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री यशवंत केराम, अधिष्ठाता डॉ. अमित दीक्षित, महाविद्यालय के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, विद्यार्थीगण एवं बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन डॉ. गागेन्द्र सिंह राजपूत, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं युवाओं द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से लोगों को नशा मुक्त जीवन अपनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में इस अभियान को लेकर उत्साह एवं जनजागरूकता का सकारात्मक माहौल देखने को मिला।



