तिरंगा यात्रा के साथ प्राथमिक शाला रवेली में फलदार वृक्षों का रोपण, स्वच्छ और हराभरा गांव बनाने का लिया संकल्प

पाटन। विकासखंड पाटन अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला रवेली में आज तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा की शुरुआत हमारे देश के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के जयघोष के साथ हुई। हाथों में तिरंगा लिए सभी बच्चे अत्यंत उत्साहित और देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
इस अवसर पर ग्राम रवेली की सरपंच श्रीमती लता वर्मा, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री टिकेंद्र वर्मा, प्रधान पाठक श्री भारद्वाज सर, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्रीमती लता वर्मा एवं एसएमसी अध्यक्ष श्री टिकेंद्र वर्मा ने बच्चों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
सभी उपस्थित जनों ने मिलकर गाँव और देश को स्वच्छ, साफ एवं हराभरा बनाए रखने का संकल्प लिया। तिरंगा यात्रा एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम ने बच्चों में देशभक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का सुंदर संदेश दिया।



