संकुल स्तरीय पठनवीर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, जोन स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
पाटन, 24 अगस्त 2026। विकासखंड पाटन अंतर्गत संकुल केंद्र आगेसरा में सोमवार को संकुल स्तरीय पठनवीर प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन कौशल, त्वरित गणना, मानसिक क्षमता, सामान्य ज्ञान तथा अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता में संकुल अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल आगेसरा (पूर्व माध्यमिक विभाग), पूर्व माध्यमिक शाला बटरेल एवं पूर्व माध्यमिक शाला अरमरी खुर्द के कुल 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता पांच विधाओं—सामान्य ज्ञान, जादुई गणित, मानसिक गणित, इंग्लिश स्पीड रीडिंग एवं इंग्लिश स्टोरी टेलिंग—में आयोजित की गई।




विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को संकुल प्राचार्य श्री प्रकाश ठवकर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पेन प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों का आगामी जोन स्तरीय पठनवीर प्रतियोगिता के लिए जामगांव-आर जोन हेतु चयन किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की गई।
कार्यक्रम का आयोजन संकुल समन्वयक श्री टिकेश्वर गजपाल के संयोजन एवं मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उपस्थित शिक्षकगण श्री शिवराम ठाकुर, श्री मुकेश कुमार बनपाल, श्री वीरेंद्र वर्मा, श्री रामखिलावन साहू, श्री युगल किशोर परगनिहा, श्री अनूप कुमार दुबे, श्रीमती मोहिनी वर्मा एवं श्री नवनीत प्रजापति का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच एवं सीखने की भावना को बढ़ावा मिला।



