गंदगी और कीचड़ के बीच बना शौचालय, दुर्घटना को दे रहा न्योता

पाटन,अमलेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत घुघुवा (ज) में ग्राम पंचायत द्वारा निस्तारी के लिए बनाया गया शौचालय इन दिनों गंदगी और कीचड़ से घिरा हुआ है। शौचालय तक पहुंचने के लिए लोगों को कीचड़ और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वच्छता को लेकर शासन द्वारा लगातार “स्वच्छ भारत, हो अपना” का संदेश दिया जा रहा है, लेकिन ग्राम पंचायत घुघुवा (ज) में शौचालय की स्थिति इस अभियान की तस्वीर को धूमिल करती नजर आ रही है। शौचालय के आसपास फैली गंदगी और कीचड़ से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




खास बात यह है कि ग्राम पंचायत परिसर में ही पटवारी कार्यालय भी संचालित होता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान और आम नागरिक अपने जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में शौचालय तक पहुंचने के लिए कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना लोगों के लिए परेशानी के साथ-साथ जोखिम भरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से मांग की है कि शौचालय के आसपास की गंदगी और कीचड़ की तत्काल सफाई कराकर पहुंच मार्ग को दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके और किसी अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित न हो।



