पोरा महोत्सव का भव्य आयोजन 10 सितंबर को मड़ियापार में, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

रायपुर/मड़ियापार। छत्तीसगढ़ प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपरा, संस्कृति और सामाजिक समरसता को समर्पित पोरा महोत्सव का भव्य आयोजन 10 सितंबर 2026 को ग्राम मड़ियापार में किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ दोपहर 1 बजे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पावन उपस्थिति में होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। वहीं क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल एवं विधायक श्री ईश्वर साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे।




पोरा महोत्सव के अवसर पर सामाजिक एकता, समरसता एवं समाज सुधार के क्षेत्र में संत शिरोमणि श्री रविदास जी के योगदान को स्मरण करते हुए छत्तीसगढ़ के विभिन्न सामाजिक समाज प्रमुखों एवं सामाजिक जनों के सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव में बैल दौड़ प्रतियोगिता, बैल सजावट प्रतियोगिता, बच्चों के लिए मिट्टी के बैल एवं नदिया बैल दौड़, पुरुषों के लिए स्लो साइकिल रेस, बच्चों की गेड़ी दौड़, बेटियों के लिए फुगड़ी प्रतियोगिता, मातृशक्ति की मटका दौड़, रस्साकसी एवं सुरीली कुर्सी सहित विभिन्न पारंपरिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत करने वाले विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं शाम को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश संगठन सचिव डॉ. सुनील साहू ने बताया कि पोरा महोत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, ग्रामीण खेलों एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री मनीष साहू, सचिव श्री सुदामा निषाद, श्री हेमंत साहू, श्री अंकित साहू, श्री योगेश धनकर, श्री लेखराम साहू, श्री योगेश साहू एवं श्री चंद्रभान मारकंडे सहित आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
आयोजक – शास्त्री नवयुवक मंडल, मड़ियापार संयोजक – डॉ. सुनील साहू, प्रदेश संगठन सचिव, छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ



