पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल की अनुशंसा पर 1 करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपये के कार्य स्वीकृत
पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक निधि से कुल 26 विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्यालय जनपद पंचायत पाटन द्वारा जारी कार्य आदेश के अनुसार ये कार्य पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अनुशंसा पर स्वीकृत किए गए हैं।

स्वीकृत कार्यों में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, सीमेंटीकरण, नाली निर्माण, आहाता निर्माण, चबूतरा निर्माण एवं डोम शेड निर्माण सहित ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार बेंदरी में सामुदायिक भवन एवं नाली निर्माण, सावनी में कलामंच निर्माण, उमरपोटी में सीमेंटीकरण एवं शेड निर्माण, पंदर में कीचन शेड निर्माण, खम्हरिया में आहाता निर्माण, अमेरी एवं कुम्हीगुंडरा में सामुदायिक भवन, तरीघाट, घुघवा क, लोहरसी, मर्रा , बोरीवाय, असोगा, रानीतराई, मटंग, पाहंदा अ, रिसामा/रिसफोंडा, जामगांव एम, रूही, अरसनारा एवं तर्रा सहित अन्य ग्राम पंचायतों में विकास कार्य प्रस्तावित हैं।
इनमें कई स्थानों पर सीसी रोड निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। आदेश में स्वीकृत कार्यों के क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं उप अभियंताओं को तकनीकी मार्गदर्शन के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कुल 26 विकास कार्यों की स्वीकृत राशि 138.60 लाख रुपये है। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से जुड़े इन कार्यों की स्वीकृति से संबंधित ग्राम पंचायतों में विकास कार्य आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।







