ढाबे में काम करने वाले युवक से मारपीट कर नकदी-मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, अपचारी बालक भी पकड़ा गया
दुर्ग। थाना पुलगांव क्षेत्र में ढाबे में काम करने वाले एक युवक के साथ मारपीट कर नकदी एवं मोबाइल फोन लूटने के मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लेकर संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम इंदावानी, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव निवासी चुनेंद्र साहू उर्फ बंटी (19 वर्ष) पुलगांव क्षेत्र के एक ढाबे में काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और बातचीत करने के बहाने उसे ढाबे के पीछे सुनसान स्थान पर ले गए। वहां आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उससे पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों एवं डंडे से मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और युवक की जेब में रखे 8,500 रुपये नकद तथा लगभग 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूट लिया।



घटना की रिपोर्ट पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 981/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने पुलगांव नदी के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि एक अपचारी बालक को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. रोशन विश्वकर्मा (24 वर्ष), निवासी गायत्री मंदिर के पीछे, पुलगांव।
2. संजय तिवारी (25 वर्ष), निवासी शीतला पारा, पुलगांव।
3. सोमेश्वर साहू (25 वर्ष), निवासी बजरंग चौक, पुलगांव।
जप्त सामग्री: लूटा गया एक मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये।
इस कार्रवाई में थाना पुलगांव पुलिस टीम की आरोपियों की पतासाजी, घेराबंदी एवं लूटी गई संपत्ति की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें।
दुर्ग पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।



