छत्तीसगढ़ के दो प्रख्यात कलाकारों की एकदिवसीय प्रदर्शनी और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आज परसदा स्कूल में

कुम्हारी: शासकीय हाई स्कूल परसदा कुम्हारी में प्राचार्य पुरूषोत्तम ब्यास तथा परसराम साहू राष्ट्रपति पुरस्कृत गुरुजी के संयोजन में छत्तीसगढ़ के दो प्रख्यात कलाकारों की एकदिवसीय प्रदर्शनी और प्रशिक्षण शिविर आयोजित की जा रही है। आज शनिवार 15 नवंबर को सुबह 10: 00 बजे से आयोजित कला प्रदर्शनी में मॉडर्न आर्ट के प्रख्यात कलाकार डी.एस. विद्यार्थी की पेंटिंग तथा दुनिया के सबसे छोटी मूर्ति बनाने वाले सुप्रसिद्ध कलाकार अंकुश देवांगन की सूक्ष्म कलाएं प्रदर्शित की जाएगी।


कार्यक्रम संयोजक परसराम गुरुजी ने बताया है कि इन दोनों कलाकारों ने समकालीन भारतीय कला जगत में बड़ा नाम कमाया है। और वे विगत 40 वर्षों से छत्तीसगढ़ के धूर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और गांव-गांव में अपने कला की प्रदर्शनी करते आ रहे हैं। इन दोनों कलाकारों को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय और राज्य स्तरीय अनेकों पुरस्कार प्राप्त हैं। शाला परिवार के प्राचार्य पुरूषोत्तम ब्यास और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष होमेंद्र साहू की ओर से समस्त छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से निवेदन किया गया है कि वह इस महत्वपूर्ण आयोजन का जरूर लाभ लें। तथा न सिर्फ कलाकारी सीखें बल्कि उसके माध्यम से अपने जीवन में तनाव को कैसे काम किया जा सकता है यह भी सीखें। ये दोनों कलाकार हाई स्कूल परसदा में न सिर्फ अपने कला की प्रदर्शनी लगायेंगे बल्कि बच्चों को चित्रकला के गूढ़ रहस्यों से भी परिचित कराएंगे।








