अमलेश्वरदुर्ग भिलाईपाटन

शासकीय माध्यमिक शाला जमराव में हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ किया वृक्षारोपण 

अम्लेश्वर : विकास खंड पाटन अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला जमराव में सोमवार को शाला प्रवेशोत्सव बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत जमराव की सरपंच श्रीमती जागेश्वरी भेषकुमार सोनकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में पंचगण सुलोचना धनकर, दिलेश्वर साहू, गजानंद निषाद, शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री छगन लाल साहू तथा सदस्य परदेशी राम साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही।

साथ ही, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमराव की प्राचार्य श्रीमती साहू, व्याख्याता श्री शर्मा तथा शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) के अध्यक्ष श्री भेषकुमार सोनकर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशी विद्यार्थियों के पारंपरिक स्वागत से हुई, जिसमें उन्हें तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा शाला गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। सरपंच श्रीमती सोनकर ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया। अतिथियों एवं शाला परिवार द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर मातृस्नेह को हरियाली में बदलने का संदेश दिया गया।

विद्यालय को रंग-बिरंगे गुब्बारों और सजावटी सामग्री से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानपाठक एवं शाला परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!