सम्मान के बाद भी ग्राम पंचायत बेलौदी को स्वच्छता मद में राशि नहीं, सरपंच ने जताया असंतोष

दुर्ग : जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलौदी के सरपंच श्री हुकुमचंद निषाद को 15 अगस्त 2025, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम की उत्कृष्ट स्वच्छता व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया था। यह सम्मान गांव में सिंगल यूज प्लास्टिक पर नियंत्रण, घर-घर कचरा संग्रहण एवं स्वच्छ वातावरण निर्माण के लिए किए गए प्रयासों के लिए प्रदान किया गया था।


सम्मान प्राप्ति के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए सरपंच श्री निषाद ने बताया कि ग्राम पंचायत को छत्तीसगढ़ शासन से स्वच्छता कार्यों हेतु किसी प्रकार की प्रोत्साहन राशि या अनुदान प्राप्त नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने के बाद भी आज तक राज्य शासन द्वारा एक रुपये की भी प्रोत्साहन राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे स्वच्छता अभियान को निरंतर गति देने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सरपंच ने बताया कि ग्राम पंचायत को मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है, किंतु इसके अनुरूप किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। मूलभूत सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव में भी आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण ग्रामवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में ग्राम पंचायत सीमित संसाधनों के साथ किसी तरह स्थिति को संभाल रही है।
श्री निषाद ने कहा कि यदि शीघ्र ही आवश्यक राशि उपलब्ध नहीं कराई गई तो भविष्य में स्वच्छता एवं अन्य विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने राज्य शासन से शीघ्र वित्तीय सहयोग प्रदान करने की मांग की है, ताकि ग्राम को स्वच्छ एवं आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का संकल्प निरंतर जारी रखा जा सके।








