अपने ही आँगन में मिला सम्मान, भावविभोर हुईं जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, सस्वर मानस गान प्रतियोगिता में छलका गृह ग्राम का गर्व

पाटन। ग्राम बटंग में आयोजित दो-दिवसीय सस्वर मानस गान प्रतियोगिता में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में सहभागिता को उन्होंने अपने लिए अत्यंत सौभाग्यपूर्ण एवं परम आनंददायक बताया, क्योंकि ग्राम बटंग उनका गृह ग्राम है—वही पावन भूमि जहाँ से जीवन के संस्कार, सपने और संकल्प जन्म लेते हैं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती नायक ने कहा कि सपनों की शुरुआत अपने ही गांव से होती है और जब वही सपने अपनों के सहयोग से साकार होते हैं, तो वह अनुभूति जीवन भर स्मरणीय बन जाती है। उन्होंने ग्रामवासियों, परिवारजनों, युवाओं, भाइयों-बहनों एवं वरिष्ठजनों सहित समस्त निर्वाचन क्षेत्रवासियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि आज वे जिस दायित्वपूर्ण पथ पर अग्रसर हैं तथा क्षेत्र में जो मान-सम्मान उन्हें प्राप्त हो रहा है, वह ग्राम एवं क्षेत्रवासियों के अपार सहयोग का ही प्रतिफल है।
श्रीमती नायक ने विश्वास दिलाया कि वे अपने गांव, समाज एवं पूरे क्षेत्र का नाम छत्तीसगढ़ स्तर पर विशिष्ट पहचान एवं सम्मान दिलाने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीरामचंद्र की कृपा और क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद से ही उन्हें जनपद पंचायत अध्यक्ष के रूप में एक बेटी, बहन एवं बहू बनकर जनसेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
उन्होंने सस्वर मानस गान एवं रामायण प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजक समिति एवं समस्त ग्रामवासियों को इस पुनीत एवं सांस्कृतिक कार्य हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता नीलम चंद्राकर जिला पंचायत सभापति के द्वारा की गई। कार्यक्रम में पूर्व जनपद सदस्य श्री घनश्याम कौशिक, श्री राजेश चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि श्री गैंदू राम वर्मा, सरपंच श्रीमती महेश्वरी वर्मा, उपसरपंच सहित कोमल वर्मा, तोरण साहू, शंभु बैरागी, अशोक निषाद, भरत वर्मा, अशोक वर्मा, शिशुपाल ठाकुर, सहदेव निषाद, पुनाराम निषाद, अशोक पटेल, मिथिलेश बरछिहा सहित ग्राम एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








