अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

किसान मेला सह प्रदर्शनी में आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों का हुआ भव्य प्रदर्शन

अम्लेश्वर दुर्ग। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा दिनांक 20 फरवरी 2026 को किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन ग्राम खुड़मुड़ा, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर, जिला दुर्ग में सफलतापूर्वक किया गया।

यह मेला खुड़मुड़ा स्थित उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सांकरा के फूल विज्ञान केंद्र एवं बी.एस.सी. (उद्यानिकी) अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित किया गया। विद्यार्थीगण ग्रामीण उद्यानिकी कार्य अनुभव कार्यक्रम के अंतर्गत विगत तीन माह से किसानों के साथ रहकर खेती के व्यावहारिक गुर सीख रहे हैं तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी किसान भाइयों तक पहुँचा रहे हैं।

किसान मेला में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न आधुनिक तकनीकों के आकर्षक मॉडल तैयार कर प्रदर्शित किए गए, जिनमें ड्रोन से सिंचाई, सोलर लाइट, समन्वित कृषि प्रणाली, रूफ टॉप गार्डन, कंटूर खेती, फल रोपण विधि, फसलों में समन्वित कीट एवं रोग प्रबंधन, ड्रिप सिंचाई, वर्मीकम्पोस्ट, जैविक खेती, पॉलीहाउस आदि प्रमुख रहे। मेला में ग्राम के किसानों के साथ-साथ आसपास के गांवों के किसान, स्व-सहायता समूह, स्कूली बच्चे एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

मेले के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पुष्प उत्पादन एवं उसके मूल्यवर्धित उत्पादों की तकनीकी जानकारी देकर किसानों को फूलों की खेती हेतु प्रेरित किया। फूलों से बनी अगरबत्ती, धूप, गुलाल, साबुन, चाय आदि उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। साथ ही किसान भाइयों को इन मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे घर में उत्पादित फूलों से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकें।

किसान भाइयों को विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कैलेंडर की जानकारी भी दी गई, जिसमें विभिन्न उद्यानिकी फसलों की खेती की तकनीकी जानकारी संकलित है, जो किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दयानंद सोनकर अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अमलेश्वर द्वारा किया गया। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाकर श्रम समस्याओं से निजात पाने की सलाह दी तथा विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती नीलिमा नेताम ने अपने उद्बोधन में मेले की रूपरेखा से अतिथियों को अवगत कराया। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अमित दीक्षित ने फूलों की खेती के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

विशिष्ट अतिथियों में ओम प्रकाश साहू उपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद अमलेश्वर, दीपक घिंघोड़े नेता प्रतिपक्ष, खूबिराम, भेजलाल, राजू सोनकर पार्षद तथा जमराव (सरपंच) सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. रवि आर. सक्सेना कुलपति, यशवंत केराम कुलसचिव एवं डॉ. जितेंद्र सिंह संचालक, अनुसंधान सेवाएं विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर किसानों से संवाद किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. रेखा सिंह सहित विभिन्न विभागों के वैज्ञानिक, शिक्षक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन डॉ. सेवन दास खूंटे द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ मुख्य अतिथि की अनुमति से किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!