घुघुवा (ज) की राशन दुकान में तौल में गड़बड़ी का आरोप, हितग्राहियों का विरोध प्रदर्शन

अम्लेश्वर। जनपद पंचायत पाटन की ग्राम पंचायत घुघुवा (ज) में शासकीय राशन दुकान पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि दुकान संचालक द्वारा हितग्राहियों के राशन में लगातार कांटा मारा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन अब तक मौन है।
ग्रामीणों ने बताया कि 20 फरवरी को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित चावल उत्सव के दिन भी घुघुवा (ज) की राशन दुकान बंद रही। ग्राम पंचायत की सरपंच ने दुकान संचालक पर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा से एक से डेढ़ किलो तक कम चावल दिया जा रहा है। लगातार शिकायत लेकर कार्डधारी पंचायत पहुंच रहे हैं।



आज एक बार फिर तौल में गड़बड़ी सामने आने पर हितग्राहियों ने राशन लेने से इनकार कर विरोध प्रदर्शन किया। राशन कार्डधारियों ने मीडिया को बताया कि दुकान संचालक समय पर राशन वितरण नहीं करता। कई महीनों से शक्कर नहीं मिली है, जबकि त्योहारों के समय कुछ लोगों को शक्कर दी जा रही है और कुछ को नहीं। पिछले दो-तीन महीनों का शक्कर वितरण पूरी तरह प्रभावित रहा है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कभी भी एक साथ चावल, शक्कर और नमक का वितरण नहीं किया जाता, जिससे उन्हें बार-बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे ग्रामवासी परेशान हैं और उन्होंने प्रशासन से स्थानीय स्तर पर दुकान संचालन की व्यवस्था करने की मांग की है।
मौके पर ग्राम पंचायत सरपंच लता अनुज सोनकर, उप सरपंच सोनू राम सोनकर, रानू केशरवानी, दिनेश कुमार, गिरधर, मंजू, कामिन यादव, गौतम, पुनाराद, बसंती बाई, मीना, माहेश्वरी, जमुना, गायत्री, चंद्रिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। राशन दुकान के वितरक कांटा में टेक्निकल फाल्ट की दुहाई दे रहा है।



