अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

समोदा में अवैध अफीम की खेती का मामला गरमाया: भूपेश बघेल ने किया निरीक्षण, कांग्रेस ने की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

दुर्ग। जेवरा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा में अवैध अफीम की खेती के मामले को लेकर शनिवार को दिनभर माहौल गरमाया रहा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ जब ग्राम समोदा पहुंचे, तो उनके आगमन की खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के फार्म हाउस के बाहर एकत्रित हो गए। कांग्रेस पार्टी के भी भारी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।
अपने नेता भूपेश बघेल को देखकर कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए और फार्म हाउस के अंदर जाने की मांग करने लगे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें बाहर ही रोक दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमा-झटकी की स्थिति भी बनी रही। बाद में प्रशासन ने केवल एक प्रतिनिधिमंडल को ही अंदर जाने की अनुमति दी, जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ लगभग 10 एकड़ में फैले उस खेत का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां अफीम की खेती किए जाने की बात सामने आई है। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

फार्म हाउस के अंदर पहुंचकर जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खेत का निरीक्षण किया तो लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती देखकर वे भी अचंभित रह गए। मौके पर देखा गया कि इस अफीम की फसल के लगभग आधे हिस्से में पहले ही कटिंग कर अफीम निकाला जा चुका है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह केवल प्रयोगात्मक खेती नहीं बल्कि बड़े स्तर पर व्यावसायिक रूप से अवैध अफीम उत्पादन का मामला हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि इस अवैध कारोबार के तार कई बड़े अवैध कारोबारी नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी गहन जांच आवश्यक है।

Advertisement
Advertisement 1 Advertisement 2 Advertisement 3 Advertisement 4 Advertisement 5 Advertisement 6 Advertisement 7

इस दौरान ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष खुलकर अपनी बात रखी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता विनायक ताम्रकार लगभग 300 एकड़ जमीन पर खेती करता है, जिसमें से करीब 150 एकड़ शासकीय भूमि पर कब्जा कर खेती की जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव में शव दफनाने के लिए भी अब पर्याप्त जगह नहीं बची है, क्योंकि जो जमीन इसके लिए उपयोग में आती थी उस पर भी कब्जा कर लिया गया है।

Advertisement
Advertisement 1 Advertisement 2 Advertisement 2 Advertisement 3 Advertisement 4 Advertisement 5 Advertisement 6 Advertisement 7 Advertisement 8 Advertisement 9 Advertisement 10 Advertisement 11 Advertisement 12

ग्रामीणों का कहना था कि विनायक ताम्रकार का गांव में इतना खौफ है कि कई लोग खुलकर विरोध करने से भी डरते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने खेतों की ओर जाने वाली धरसा रोड को भी कब्जा कर तार घेरा कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार इन मामलों को लेकर कई बार विरोध भी हुआ और ग्राम सरपंच ने भी कार्रवाई की कोशिश की, लेकिन बाद में सत्ता के दबाव में सरपंच के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।
पूरे मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी दिनभर आक्रामक नजर आई और आरोपित के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी की मांग करती रही। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि लगभग 10 एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती भाजपा सरकार के संरक्षण में उनके ही एक नेता द्वारा की जा रही थी।

निरीक्षण के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेसजन और ग्रामीण जेवरा पुलिस चौकी पहुंचे, जहां आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव की स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ देर तक सड़क पर जाम की स्थिति भी रही।
मामले को लेकर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पूरे प्रकरण में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विष्णुदेव साय सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार में छत्तीसगढ़ में यह पहला मामला सामने आया है, जहां भाजपा के एक बड़े नेता द्वारा अफीम की खेती किए जाने का आरोप लगा है।
पूरे मामले को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ प्रदेश का पहला मामला है जहां अफीम की अवैध खेती की जा रही है। अवैध अफीम की खेती करने वाला भाजपा का किसान मोर्चा का नेता है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर 8 मार्च को विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी तथा पुतला दहन भी किया जाएगा।
इस दौरान दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई नगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, भिलाई चरोदा महापौर निर्मल कोसरे सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!