आवेदन के 24 घंटे के भीतर नगर पालिका ने किया एंटी लार्वा छिड़काव, मच्छरों से राहत की उम्मीद,cgkegoth.com पर लगी थी खबर, हुआ असर

अम्लेश्वर, 11 अप्रैल। नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर क्षेत्र अंतर्गत इन दिनों नालियों एवं गड्ढों में अत्यधिक मच्छरों का जमाव हो गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित कई बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। मच्छरों से बचाव के लिए क्षेत्र में एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर के नेता प्रतिपक्ष दीपक घिडोडे द्वारा 10 अप्रैल को नगर पालिका सीएमओ को लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए 11 अप्रैल को अम्लेश्वर एवं खुडमुड़ा जय स्तंभ क्षेत्र में दवाई का छिड़काव किया गया।



बताया जा रहा है कि क्षेत्र के जनहित मुद्दों को लगातार उठाने का कार्य cgkegoth.com के रिपोर्टर करन साहू द्वारा किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप इस मामले में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।
नेता प्रतिपक्ष दीपक घिडोडे ने मीडिया को फोटो साझा करते हुए कहा कि पूरे नगर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना चाहिए और दवाई का छिड़काव लगातार जारी रहना चाहिए, ताकि नागरिकों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाया जा सके। उन्होंने उनके आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई करने के लिए नगर पालिका प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।



