राशन वितरण में देरी और राशन नही मिलने से नाराज घुघुवा (ज) के ग्रामीण कलेक्टर से करेंगे मुलाकात
अम्लेश्वर/पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत घुघुवा (ज) के ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट होकर प्रशासन के दरवाजे तक पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती लता अनुज सोनकर के नेतृत्व में ग्रामीण कलेक्टर दुर्ग से मुलाकात करेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में मार्च एवं अप्रैल माह का राशन अब तक सभी पात्र राशन कार्डधारियों को प्राप्त नहीं हो सका है। इससे हितग्राहियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान एवं उचित कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय दुर्ग पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही ग्रामीण गांव की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से भी कलेक्टर को अवगत कराएंगे।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।






