घुघुवा(क) में प्रस्तावित यूरोसेम कंपनी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, 10 मई की बैठक में हो सकता है बड़ा निर्णय
पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम घुघुवा(क) में प्रस्तावित यूरोसेम कंपनी को लेकर ग्रामवासियों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा बिना ग्रामवासियों को किसी प्रकार की जानकारी दिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया गया है, जिससे गांव में असंतोष बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी के संचालन से गांव को होने वाले संभावित लाभ, हानि, सुविधाएं, असुविधाएं तथा भविष्य में उत्पन्न होने वाली समस्याओं के संबंध में अब तक पूरे गांव से कोई चर्चा नहीं की गई है। इसी विषय पर ग्रामवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 10 मई को प्रातः 8 बजे से बाजार चौक, घुघुवा(क) में आयोजित की गई है।



बैठक में ग्राम के समस्त जनप्रतिनिधियों, सभी परिवारों तथा ग्रामवासियों से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है। आक्रोशित एवं आशंकित ग्रामीणों का कहना है कि गांव के भविष्य और हितों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैठक में कोई बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।
बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों के भी उपस्थित रहने की संभावना जताई जा रही है।
वर्जन : ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव कर निर्णय लेकर एनओसी दिया गया है। जानकारी के अनुसार कोई प्रदूषण का मामला उक्त कंपनी की नही होनी की मिली है। गांव में रोजगार के अवसर भी मिलेगा,बाकी बस्ती बैठक में निर्णय लिया जा सकता है। ग्राम पंचायत सरपंच शैलेंद्री साहू



