ओवरलोड धान से भरी गाड़ी ने खंभों को गिराया, तीन बिजली पोल क्षतिग्रस्त
अम्लेश्वर/घुघवा (ज)। पाटन ब्लॉक अंतर्गत जमराव धान खरीदी सोसाइटी के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घुघवा (ज) से धान भरकर रायपुर की ओर जा रही ओवरलोड गाड़ी क्रमांक CG09JC8528 सड़क किनारे लगे बिजली खंभे को खींचते हुए आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान वाहन बीच रास्ते में फंस गया, जिससे लगातार तीन बिजली खंभे गिर गए।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के घरों की बिजली लाइन बंद हो गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि भेष कुमार सोनकर भी मौके पर पहुंच कर जानकारी ले रहे हैं।







