जल संरक्षण के दावों पर सवाल: धान खरीदी केंद्र बटंग में बेवजह बह रहा पानी

पाटन। जल संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और लोगों से पानी बचाने की अपील की जा रही है। लेकिन प्रशासन अपने ही कर्मचारियों और विभागों को इस दिशा में जागरूक करने में असफल नजर आ रहा है। इसका एक उदाहरण पाटन विकासखंड के ग्राम बटंग में देखने को मिला है।
ग्राम बटंग स्थित सेवा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में पेयजल आपूर्ति के लिए सोलर पैनल आधारित जल टंकी एवं बोर पंप की व्यवस्था की गई है। सोलर पैनल के माध्यम से विद्युत उत्पादन कर पंप का संचालन किया जाता है, जिससे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।



हालांकि, धान खरीदी केंद्र वर्तमान में बंद पड़ा हुआ है और सेवा सहकारी समिति का कार्यालय अन्य स्थान पर संचालित होने के कारण यहां किसी प्रकार की नियमित निगरानी नहीं हो रही है। परिणामस्वरूप जल टंकी से लगातार पानी बह रहा है और उसका कोई उपयोग नहीं हो रहा है। इससे प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी हो रही है।
एक ओर जहां शासन-प्रशासन जल संरक्षण का संदेश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर शासकीय व्यवस्था की लापरवाही इन प्रयासों पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर पानी की हो रही बर्बादी को तत्काल रोकने की मांग की है।



