दुर्ग जिले के शिक्षक राघवेंद्र कुमार ध्रुव को नई दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान
दुर्ग/नई दिल्ली। संस्कृति मंत्रालय की इकाई सेंटर फॉर कल्चरल रिसोर्सेज एंड ट्रेनिंग (CCRT), नई दिल्ली में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के समापन समारोह एवं डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान गिरफ्तार हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष श्री राम बहादुर राय सहित संस्कृति मंत्रालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “आजादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत CCRT द्वारा देशभर से स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े व्यक्तियों, ऐतिहासिक घटनाओं, स्थलों एवं जनस्मृतियों के दस्तावेजीकरण का महत्वपूर्ण कार्य कराया गया था। इस परियोजना के अंतर्गत देशभर के चयनित 25 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
इसी कड़ी में राघवेंद्र कुमार ध्रुव, शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी, संकुल-आगेसरा, विकासखंड-पाटन, जिला-दुर्ग को राज्य भर से ऐतिहासिक जानकारियों एवं कथाओं के संकलन और राष्ट्रीय अभिलेखागार को समृद्ध बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली स्थित CCRT परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
यह दुर्ग जिले एवं पाटन विकासखंड के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य से चयनित तीन शिक्षकों में तीनों ही दुर्ग जिले से हैं, जो जिले की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला गौरवपूर्ण क्षण है।
कार्यक्रम में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्री विवेक अग्रवाल, सीसीआरटी के अध्यक्ष डॉ. विनोद नारायण इंदुरकर, संयुक्त सचिव श्री समर नंदा, श्री कमलेश कुमार मिश्र, निदेशक श्री राजीव कुमार तथा सीसीआरटी के निदेशक श्री पप्पूंजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष महत्व प्रदान किया।
राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने पर जिले के शिक्षकों, शिक्षा विभाग तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने राघवेंद्र कुमार ध्रुव को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इसे पूरे दुर्ग जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।



