डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं — श्रीमती कीर्ति नायक

अम्लेश्वर,पाटन। भारतीय जनता पार्टी उत्तर पाटन अम्लेश्वर मंडल द्वारा भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद् एवं प्रखर राष्ट्रभक्त डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने उद्बोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने ‘एक देश, एक संविधान, एक निशान’ के विचार को देश के सामने मजबूती से रखा और राष्ट्रीय एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”



उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक कार्यकर्ता एवं नागरिक का दायित्व है कि वह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर भारत को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाने में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



