महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में ABVP ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं 78 वाँ स्थापना दिवस मनाया
पाटन,दुर्ग, 09 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर “महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद गीत एवं भारत माता के जयघोष के साथ हुआ। संगोष्ठी में विद्यार्थियों ने महापुरुषों के जीवन, उनके आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए तथा “छात्र हित एवं राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष दिनेश मनहरे एवं विश्वविद्यालय इकाई मंत्री श्रीकांत साहू मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में श्रीकांत साहू ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
दिनेश मनहरे ने कहा कि विद्यार्थी शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं को महापुरुषों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय इकाई उपाध्यक्ष रमन चौधरी ने विद्यार्थियों से नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन विकसित करने का आह्वान किया। वहीं हिमांशु यादव ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनाकर राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता प्रांजल वर्मा, ओजेश चन्द्रवंशी, सोम सिंह ठाकुर, चंदन वर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पूर्ण वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।







