उत्तर पाटन में अवैध मुरूम कारोबार बेखौफ, अमेरी-गभरा में सैकड़ों हाइवा मुरूम का स्टॉक; कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश, आंवला बगीचा को भी नही बक्शा

अम्लेश्वर। पाटन विकासखंड के उत्तर पाटन क्षेत्र में अवैध मुरूम का कारोबार बिना किसी रोक-टोक के लगातार फल-फूल रहा है। बारिश का मौसम होने के बावजूद अवैध खनन से जुड़े लोगों द्वारा बड़ी मात्रा में मुरूम का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुरूम माफियाओं ने सैकड़ों हाइवा मुरूम का स्टॉक कर रखा है, लेकिन खनिज विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर पाटन के ग्राम अमेरी एवं गभरा में बड़ी मात्रा में अवैध मुरूम का स्टॉक देखा जा सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन स्थानों पर लंबे समय से मुरूम का भंडारण किया जा रहा है, जिसे बाद में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की तैयारी है।



ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गभरा स्थित आंवला बगीचे में भी अवैध रूप से मुरूम का भंडारण किया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना है कि सार्वजनिक एवं उपयोगी भूमि का इस प्रकार उपयोग किया जाना गंभीर विषय है और इसकी जांच होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद खनिज विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अवैध मुरूम खनन एवं भंडारण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



