सेवा ही सबसे बड़ा उत्सव: युवा सरपंच रूपेंद्र राजू साहू ने, जन्मदिन को समाज सेवा और जनकल्याण के लिए किया समर्पित

अम्लेश्वर, पाटन। ग्राम पंचायत झीट के युवा सरपंच रूपेंद्र राजू साहू ने अपने जन्मदिवस को सादगी, सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाते हुए समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “सेवा ही सबसे बड़ा उत्सव है और मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।”
अपने जन्मदिवस के अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए युवा सरपंच रूपेंद्र राजू साहू ने कहा कि उन्होंने इस विशेष दिन को समाज सेवा और मानवता के नाम समर्पित करने का विनम्र प्रयास किया है। उनका मानना है कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियाँ बाँटने का भी श्रेष्ठ माध्यम है।



इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ आत्मीय नेह-भोज किया तथा उन्हें पौष्टिक आहार और ताजे फलों का वितरण किया। बच्चों के मुस्कुराते चेहरों ने उनके जन्मदिन को और अधिक यादगार एवं सार्थक बना दिया।
इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का कुशल-क्षेम जाना, उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा फल एवं बिस्कुट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
युवा सरपंच ने अपने एडवेंचर खो-खो क्लब के लगभग 150 बालक-बालिकाओं को पेन, कॉपी और बिस्कुट वितरित किए। साथ ही क्लब के समर्पित खिलाड़ियों को प्रोत्साहन एवं सम्मान स्वरूप टी-शर्ट भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया।
रूपेंद्र राजू साहू ने कहा कि समाज सेवा, सहयोग और परोपकार ही जीवन का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि उन्हें सदैव सेवा, सहयोग, संवेदना और जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने की शक्ति, सद्बुद्धि एवं सामर्थ्य प्रदान करें।
अंत में उन्होंने अपने जन्मदिवस पर शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर सेवा, संवेदना और मानवता की भावना को निरंतर आगे बढ़ाएं, क्योंकि “सेवा ही सबसे बड़ा उत्सव है, मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।”



