शिक्षा मंत्री के गृह जिला, कुम्हारी सहित धमधा ब्लॉक के पांच स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में अब तक नहीं पहुंचीं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, छात्र-शिक्षक और पालक परेशान

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सहित धमधा विकासखंड के पांच स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वितरित की जाने वाली निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें अब तक नहीं पहुंची हैं। इससे नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। खास बात यह है कि दुर्ग जिला प्रदेश के शिक्षा मंत्री का गृह जिला होने के बावजूद विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हो सकी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कुम्हारी, जांजगीरी, अहिवारा, धमधा और बोरी स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में अभी तक विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण नहीं हो पाया है। पुस्तकें उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं शिक्षक भी प्रभावी ढंग से अध्यापन कार्य संचालित करने में असुविधा महसूस कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 13 जुलाई को cgkegoth.com के रिपोर्टर करन साहू ने कुम्हारी स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में शिक्षकों की कमी से उत्पन्न अव्यवस्था को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब विद्यालय में पाठ्यपुस्तकों की अनुपलब्धता ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।
शिक्षकों की कमी के बीच किताबें नहीं मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा पालकों में भी नाराजगी बढ़ रही है। अभिभावकों ने मांग की है कि संबंधित विभाग शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी विद्यालयों में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करे, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
वर्जन: आवंटन के अनुसार क्रमशः भेजी जा रही है सेजेसे विद्यालय में पाठ्य पुस्तक। जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग।
वर्जन: धमधा विकास खंड में पांच स्वामी आत्मानंद विद्यालय है,किसी भी स्कूल को अब तक नहीं मिली पाठ्य पुस्तक। विकास खंड शिक्षा अधिकारी



