पाटन विकासखंड के 15 स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में अब तक नहीं पहुंचीं पाठ्य पुस्तकें, पालकों में नाराजगी

रानीतराई। विकासखंड पाटन अंतर्गत संचालित लक्ष्मी बाई स्वामी आत्मानंद विद्यालय रानीतराई सहित 17 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के लगभग एक माह बाद भी अधिकांश विद्यालयों में विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध नहीं हो सकी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक अम्लेश्वर, जामगांव एम केवल दो स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में ही पाठ्य पुस्तकों का वितरण हो पाया है, जबकि शेष लगभग 15 विद्यालयों के विद्यार्थी आज भी पुस्तकों के अभाव में अध्ययन करने को विवश हैं।जिसमे 11 इंग्लिश मीडियम और 04 हिंदी मीडियम स्कूल शामिल हैं।इस स्थिति को लेकर पालकों में नाराजगी देखी जा रही है।
गौरतलब है कि शासन के निर्देशानुसार 16 जून से प्रदेशभर के विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है। विद्यार्थी नियमित रूप से स्कूल पहुंच रहे हैं, लेकिन पुस्तकों के अभाव में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पालकों का कहना है कि सत्र शुरू हुए लगभग एक महीना होने के बावजूद समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध नहीं कराना चिंता का विषय है।
पालकों ने यह भी कहा कि पाटन विकासखंड दुर्ग जिला में आता है और प्रदेश के शिक्षा मंत्री का जिला होने से भी यहां के विद्यार्थियों को समय पर पाठ्य पुस्तकें नहीं मिल पा रही हैं, तो यह शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सभी विद्यालयों में शीघ्र पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।



