स्वच्छ भारत मिशन को ठेंगा दिखाता अमलेश्वर पालिका प्रशासन, अटल परिसर में गंदगी का अंबार

अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। नगर के अटल परिसर में इन दिनों जगह-जगह गंदगी और कचरे का ढेर जमा होने लगा है, जिससे परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वही शराब सेवन करने वाले लोग भी दारू का बॉटल वही फेंक कर चले जाते है।जिस पर स्थानीय पुलिस का भी हाथ नहीं पहुंच पा रही हैं। जबकि सामने स्वामी आत्मानंद स्कूल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण कचरा लगातार बढ़ता जा रहा है और परिसर बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।
मामले को और गंभीर तब माना जा रहा है जब सफाई के बाद एकत्र किए गए कचरे को भी पटवारी कार्यालय के सामने डंप करने की कोशिश की जा रही है। इससे कार्यालय आने-जाने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक स्थान और सरकारी कार्यालय के सामने कचरा डालना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।



स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एक ओर सरकार स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर अमलेश्वर में जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले पर मौन साधे हुए हैं। पटवारी कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम नागरिक पहुंचते हैं, लेकिन परिसर के आसपास फैली गंदगी से उन्हें असुविधा और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने मांग की है कि अटल परिसर की तत्काल सफाई कराई जाए, कचरे के नियमित उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सरकारी कार्यालयों के सामने कचरा डंप करने पर रोक लगाई जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।



