जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित, गौधामों के बेहतर संचालन पर हुई चर्चा

दुर्ग, 18 सितम्बर 2026/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने गौधामों में पानी, चारा और चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए। बैठक में गौधामों के संचालन एवं व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। जिन गौधामों का संचालन नगरपालिका द्वारा नहीं किया जा सकता, वहां इच्छुक संस्था अथवा समिति से संचालन के लिए प्रस्ताव लेने के निर्देश दिए गए। पाटन, अमलेश्वर और अहिवारा के गौधामों के संचालन के लिए इच्छुक संस्थाओं एवं समितियों से प्रस्ताव लेने कहा गया। बैठक में निर्देशित किया गया कि जहां गौधाम संचालित हो रहे हैं, वहां निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं के लिए पर्याप्त पानी, चारा और चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित हो। पशुओं के संरक्षण एवं देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
गौधाम का उद्देश्य निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं तथा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 एवं छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण नियम, 2014 के अंतर्गत जप्त गौवंशीय पशुओं का वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण एवं संवर्धन करना है। इसके साथ ही गौ उत्पादों को बढ़ावा देना, चारा विकास कार्यक्रम विकसित करना, गौधामों को प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना, पशु नस्ल सुधार को प्रोत्साहित करना तथा जनसामान्य को गौसेवा के लिए प्रेरित करना प्रमुख उद्देश्यों में शामिल हैं। इससे गौ आधारित गतिविधियों के माध्यम से रोजगार के अवसर भी विकसित किए जा सकेंगे।
गौधाम संचालन के लिए पंचायत, स्व सहायता समूह, छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग में पंजीकृत एवं संचालित गौशाला की समिति, स्वयंसेवी संस्था, एनजीओ, ट्रस्ट, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी तथा सहकारी समिति पात्र संस्थाओं में शामिल हैं।
गौधाम के संचालन हेतु स्थानीय ग्राम पंचायत को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्राम पंचायत द्वारा गौधाम का संचालन किए जाने की स्थिति में छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग द्वारा ग्राम पंचायत से सुरक्षा निधि नहीं ली जाएगी। ग्राम पंचायत द्वारा असहमति अथवा अनापत्ति प्रमाण पत्र दिए जाने पर चिन्हांकित भूमि के आसपास स्व सहायता समूह एवं पंजीकृत संचालित गौशाला की समिति को क्रमवार प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित संस्था और छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के मध्य अनुबंध होने के बाद गौधाम का संचालन संबंधित संस्था को सौंपा जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जहां गौधाम संचालित हो रहे हैं, वहां पर्याप्त पानी, चारा और चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित हो। निराश्रित एवं घुमंतू गौवंशीय पशुओं की देखभाल में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। इस अवसर पर गोधाम समिति के अध्यक्ष श्री विजय अग्रवाल, सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. झा, डॉ. देशमुख सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।







