जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली लोगों की जिंदगी, सेवा संकल्प अभियान में गूंजा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का संदेश/कल्पना नारद साहू
पाटन। प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमिहीन परिवारों के लिए संचालित योजनाओं, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे पात्र हितग्राहियों और किसानों ने सेवा संकल्प अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान को स्मरण किया। उक्त बातें पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 की जिला पंचायत सभापति श्रीमती कल्पना नारद साहू ने कही।
श्रीमती कल्पना साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाई-बहन, युवा साथी, किसान और नागरिक एक साथ एकत्रित हुए तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा और समर्पण की भावना के साथ देश की प्रगति एवं समृद्धि के लिए किए गए कार्यों को स्मरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा सहित विकास के विभिन्न क्षेत्रों में देश ने निरंतर प्रगति की है। कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में देश के सामने अनेक चुनौतियां थीं। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना किया। देश में वैक्सीन का निर्माण हुआ और बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान संचालित किया गया। भारत ने अपने नागरिकों के साथ-साथ जरूरत के समय अनेक देशों को भी वैक्सीन की आपूर्ति कर वैश्विक सहयोग की भावना का परिचय दिया।
श्रीमती साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि अनेक भाषाओं, क्षेत्रों और विविधताओं के बावजूद भारत एकता के सूत्र में बंधा हुआ है और यही देश की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है।








