भागवत प्रसाद आडिल के निधन पर परिवार एवं समाज में शोक, स्मृति में रोपे पीपल-कदम के पौधे
पाटन। पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कुर्मीगुंडरा निवासी एवं भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त भागवत प्रसाद आडिल का लगभग 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से परिवार एवं समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। उनका दशगात्र कार्यक्रम 19 सितंबर, शनिवार को उनके गृह निवास ग्राम कुर्मीगुंडरा में संपन्न हुआ।
भागवत प्रसाद आडिल, पंकज आडिल, सकुन आडिल, राजेश्वरी आडिल, तेजस्वी आडिल एवं उपकारिका आडिल के पिता तथा पाटन राज प्रधान कुर्मी समाज के राज प्रधान युगल किशोर आडिल के बड़े पिताजी थे।
दिवंगत भागवत प्रसाद आडिल की स्मृतियों को जीवंत रखने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से आडिल परिवार द्वारा पीपल एवं कदम के पौधों का रोपण किया गया। परिवार ने इस पहल के माध्यम से दिवंगत की स्मृति को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया।
इस अवसर पर राज प्रधान युगल किशोर आडिल ने कहा कि श्री भागवत प्रसाद आडिल ने अपने जीवनकाल में परिवार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने बच्चों के साथ-साथ अपने भाई के बच्चों को भी अपने पास रखकर उनकी उच्च शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन परिवार के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का उदाहरण रहा।
उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व का हमारे बीच से चले जाना निश्चित रूप से बेहद पीड़ादायक है, लेकिन उनके द्वारा किए गए कार्य और उनके संस्कार हमेशा परिवार एवं समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। आने वाली पीढ़ी को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज और परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।








