मातृशक्ति के सम्मान में ही समाज की सच्ची शक्ति निहित है — कीर्ति नायक

पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम छाटा में आयोजित दो दिवसीय संस्वर मानस गान प्रतियोगिता उस समय भावनाओं, श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव से सराबोर हो गई, जब जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने माताओं, बहनों और बेटियों से आत्मीय संवाद कर स्नेह, सम्मान और आत्मविश्वास का संदेश दिया।


इस अवसर पर श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि हमारी माताओं, बहनों और बहुओं के जीवन में रचे-बसे संस्कारों, मर्यादा और श्रद्धा की जीवंत आत्मा है। जब गांव की महिलाएं मानस गान के माध्यम से अपनी आस्था और संस्कृति को स्वर देती हैं, तब पूरा समाज संस्कार, प्रेम और एकता से सशक्त हो उठता है।
उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि एक बेटी, बहन और बहू होने के नाते मातृशक्ति का सम्मान और उसका सशक्तिकरण मेरा केवल सार्वजनिक दायित्व नहीं, बल्कि मेरा व्यक्तिगत संकल्प और जीवन मूल्य है।
उन्होंने आगे कहा कि गांव की महिलाएं केवल घर की धुरी नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और भविष्य की आधारशिला हैं।
श्रीमती कीर्ति नायक ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद पंचायत पाटन महिलाओं की भागीदारी, सम्मान और नेतृत्व को हर स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और मातृशक्ति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री दुलेश्वर मानकुर, श्री द्वारिका प्रसाद साहू, पंचगण केदार, योगेश्वर, नेमचंद, ओमप्रकाश, निरंजन, दानी राम, श्रीमती हीरावती, पद्मिनी निर्मल, ममता सपहा, सतरूपा कुर्रे, हेमलाल साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री सत्यज्ञान सपहा, उपाध्यक्ष श्री निशांत सोनबोईर, कोषाध्यक्ष श्री किसन सोनबोईर, श्री उमाशंकर एवं अनिल साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक समिति द्वारा जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक का आत्मीय स्वागत-सम्मान किया गया।








