दिशाहीन और आंकड़ों की बाजीगरी पर आधारित बजट :राकेश ठाकुर
दुर्ग। आज छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे “जनविरोधी, दिशाहीन और आंकड़ों की बाजीगरी पर आधारित बजट” करार दिया है।


जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता—किसान, युवा, महिला, कर्मचारी और मध्यमवर्ग—की वास्तविक अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता। बजट में बड़े-बड़े दावे किए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर राहत देने वाली कोई ठोस और स्पष्ट योजना दिखाई नहीं देती।
किसानों के संदर्भ में सरकार ने धान खरीदी, समर्थन मूल्य, बोनस और सिंचाई विस्तार जैसे मुद्दों पर स्पष्ट एवं ठोस प्रावधान नहीं किए हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में प्रभावी रोडमैप का अभाव है। यह किसानों के साथ वादाखिलाफी है।
प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं को इस बजट से भारी निराशा हाथ लगी है। रिक्त सरकारी पदों को भरने के लिए कोई भी बड़ी भर्ती परीक्षा घोषित नहीं किया गया है। कौशल विकास और रोजगार सृजन के नाम पर केवल औपचारिक घोषणाएं की गई हैं, जिनका धरातल पर असर संदिग्ध है। लगातार हड़ताल में बैठे डीएड अभ्यर्थी, रसोईया के लिए भी इस बजट में कोई राहत नही मिला है।
शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत क्षेत्रों में भी अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं दिखाई देती। ग्रामीण अंचलों में स्कूलों में शिक्षकों की कमी और अस्पतालों में डॉक्टरों के रिक्त पदों की समस्या गंभीर है, लेकिन बजट में इन समस्याओं के स्थायी समाधान की स्पष्ट योजना का अभाव है।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश पर बढ़ते कर्ज के बावजूद जनता को प्रत्यक्ष लाभ नहीं मिल रहा है। सरकार को चाहिए कि वह राज्य की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे और बताए कि लिया गया कर्ज किस विकास कार्य में व्यय हुआ है।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) इस बजट के विरोध में जनता के बीच जाकर वास्तविक स्थिति उजागर करेगी और जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।








