मां वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम आगेसरा में महाअष्टमी पर हवन-पूजन, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

बेल्हारी/पाटन। दक्षिण पाटन के प्रथम ग्राम आगेसरा, खारुन नदी के तट पर विराजमान मां वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम में महाअष्टमी के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई, जो क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
माता के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से हजारों की संख्या में श्रद्धालु दिनभर पहुंचते रहे। दोपहर 2:00 बजे के बाद नौ कन्या भोज एवं हवन-पूजन का कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जामगांव आर थाना प्रभारी द्वारा अतिरिक्त बल उपलब्ध कराकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे और माता की आरती एवं हवन-पूजन में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच श्री रमाकांत साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव के समस्त नागरिकों के सहयोग, विशेषकर युवाओं एवं माताओं के सक्रिय योगदान से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि दिनांक 27 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे जोत-जंवारा का विसर्जन किया जाएगा।



