अम्लेश्वर में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आठवां दिन सम्पन्न, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, कल होगा हवन पूजन के साथ महाप्रसादी का वितरण

अम्लेश्वर, 17 अप्रैल। नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर क्षेत्र अंतर्गत डीह में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आज आठवां दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। नगरवासियों ने कथा का रसपान करते हुए भगवान श्री कृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण किया।

कथा वाचन पंडित कामता प्रसाद शरण द्वारा निरंतर आठवें दिन भी भावपूर्ण शैली में किया गया, जिसमें भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का विस्तृत वर्णन किया गया। कथा के उपरांत चढ़ौती कार्यक्रम सम्पन्न हुआ तथा श्रीमद् भागवत महापुराण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में आयोजन समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे एवं नगर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया।
आयोजन के समापन अवसर पर कल 18 अप्रैल को गीता प्रवचन के साथ कथा को विराम दिया जाएगा। इसके पश्चात हवन-पूजन एवं महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
उक्त जानकारी पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष उमेश कुमार साहू द्वारा मीडिया को प्रदान की गई।








