तहसील साहू संघ पाटन द्वारा आयोजित सामूहिक आदर्श विवाह एवं विशाल कर्मा जयंती महोत्सव में होगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन
जामगांव आर। तहसील साहू संघ पाटन के तत्वाधान में आगामी 26 अप्रैल दिन रविवार समय 11 बजे से शाम 4 बजे तक ग्राम भरर ( जामगांव –आर) में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है।


तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्मियों में बढ़ते तापमान और हिटवेव (लू) के खतरों से बचने एवं तत्काल राहत प्रदान करना है एवं शहर के जाने माने विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना एवं जांच उपरांत जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाई वितरण करना है।
इस चिकित्सा शिविर में मुख्य रूप से शिवांता मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल रायपुर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.रजत बंछोर,स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.सुषमा अग्रवाल, डॉ. मुकेश सेन सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही जनरल चिकित्सा शिविर का भी आयोजन रहेगा।
तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू एवं तहसील साहू संघ पाटन के पूर्व चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ.सुरेश साहू ने सामाजिक और आम नागरिकों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है।








