अम्लेश्वर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं, दो आंगनबाड़ी केंद्रों में चोरी से, सांकरा के ग्रामीणों में आक्रोश,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पहुंची थाने
अम्लेश्वर। अम्लेश्वर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में हो रही घटनाओं पर पुलिस प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात ग्राम सांकरा स्थित दो आंगनबाड़ी केंद्रों में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए एक गैस सिलेंडर एवं चावल की बोरी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत अम्लेश्वर पुलिस थाना में दर्ज कराई है।
वहीं ग्राम पंचायत सरपंच रवि सिंगौर ने गांव में लगातार हो रही अवैध शराब बिक्री एवं असामाजिक तत्वों की आवाजाही को लेकर पूर्व में भी अम्लेश्वर थाना में शिकायत किए जाने की बात कही है। उनका आरोप है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं होने के कारण क्षेत्र में चोरी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
सरपंच रवि सिंगौर ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर शीघ्र रोक लगाने की मांग की है।







