अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत, अतिथियों ने बांटी निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें

अमलेश्वर, 25 जून। विकास खंड पाटन अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES) अमलेश्वर में 24 जून 2026 को नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर तथा पुष्पवर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर तथा शाला विकास एवं प्रबंधन समिति (SMDC) की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवांगन उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में राजू सोनकर, शिवा साहू, फेरहा राम धीवर, कैलाश यादव एवं खिलेश्वर चक्रधारी शामिल हुए। इसके अलावा समिति के अन्य सदस्य, बड़ी संख्या में पालकगण, प्रबुद्ध नागरिक एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शिक्षक दुष्यंत द्विवेदी द्वारा किया गया।

उत्सव का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। शासन की मंशानुरूप शिक्षा के लोकव्यापीकरण को बढ़ावा देने हेतु अतिथियों के कर-कमलों से नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। पुस्तकें प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती निवेदिता ठाकुर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने SAGES अमलेश्वर के विगत वर्षों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों तथा विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं जैसे सुसज्जित प्रयोगशालाओं, समृद्ध पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने नए सत्र के विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति करते हुए उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि कैलाश यादव ने अपने प्रेरक उद्बोधन में शिक्षा के त्रिकोण की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि, “जब बालक, पालक और शिक्षक—ये तीनों मिलकर एक दिशा में प्रयास करते हैं, तभी बालकों का सर्वांगीण विकास और विद्यालय की वास्तविक प्रगति संभव है। शिक्षा केवल स्कूल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प है।”

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि दयानंद सोनकर एवं अन्य वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों और पालकों के समन्वित प्रयासों से विद्यालय को राज्य स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुआ। उक्त जानकारी मीडिया को पार्षद राजू सोनकर ने शेयर की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!