परसदा हाई स्कूल में सेप्टिक टैंक निर्माण की शिकायत पर नगर पालिका अध्यक्ष ने दिए त्वरित जांच एवं सुधार के निर्देश
कुम्हारी, 25 जून। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 स्थित परसदा हाई स्कूल परिसर में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक (सेफ्टी गड्ढा) के संबंध में प्राप्त शिकायत पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
भाजपा नेता पुनेंद्र साहू के शिकायत में निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी मानकों के उल्लंघन, बिना बीम एवं कॉलम के निर्माण, स्कूल भवन की नींव पर संभावित खतरे तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी जैसे गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक की दीवार बिना पर्याप्त तकनीकी संरचना के निर्मित किए जाने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई तथा गहरे गड्ढे में पानी भरने से स्कूल भवन की नींव के आसपास की मिट्टी खिसकने की आशंका व्यक्त की गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा ने संबंधित इंजीनियर एवं विभागीय अधिकारियों को स्थल का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जांच करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसी भी प्रकार के गुणवत्ता-विहीन निर्माण कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्य तकनीकी मानकों एवं सुरक्षा नियमों के अनुरूप ही कराया जाए।







