28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान: भिलाई-3 एवं चरोदा में 10 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य, 55 दलों को दिया गया प्रशिक्षण

चरोदा, भिलाई। राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस 28 जून के अवसर पर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन को लेकर आज भिलाई-3 एवं चरोदा क्षेत्र के समस्त पोलियो दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के सभागार (प्रथम तल) में दोपहर 12 बजे किया गया।
प्रशिक्षण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के बीईटीओ सैय्यद असलम ने पोलियो अभियान से जुड़ी आवश्यक जानकारियां देते हुए बताया कि क्षेत्र में लगभग 10 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 55 पोलियो दलों का गठन किया गया है तथा 8 सुपरवाइजर और एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 को कोल्ड स्टोरेज प्वाइंट बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि भारत पोलियो मुक्त देश बन चुका है, लेकिन एशियाई देशों में पोलियो के मामले सामने आने के कारण भारत सरकार द्वारा लगातार एहतियात के तौर पर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लक्ष्य को कायम रखा जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान से जुड़े सभी दलों को पोलियो बूथ संचालन, घर-घर सर्वे, बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की प्रक्रिया तथा अभियान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाना तथा 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है। इस दौरान भिलाई-3 और चरोदा क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सुपरवाइजर एवं पोलियो दल के सदस्य उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी दलों से अभियान के दौरान पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि क्षेत्र का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम में एलएचवी श्रीमती आर. विश्वास, श्रीमती शमीम बानो, सभी एमटी, स्वास्थ्य संयोजक एवं संयोजिकाएं, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण के उपरांत जागरूकता रैली भी निकाली गई तथा लोगों से बूथ दिवस पर नवजात शिशुओं सहित सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए बूथ तक लाने की अपील की गई।







