अम्लेश्वर में भीषण सड़क हादसा: बुलेट और स्कूटी की टक्कर में दो युवकों की मौत, दो घायल

अम्लेश्वर, 29 जून। अम्लेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत पाहंदा-महुंच मार्ग के नगर पालिका परिषद पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत होने की जानकारी सूत्रों से मिल रही है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बुलेट और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर से हुआ बताया जा रहा है। दुर्घटना में शिकार हुए चार लोग रायपुर टिकरापारा निवासी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शुभम साहू और यश शर्मा की मौके पर ही मौत हो होने की जानकारी मिल रही है। वहीं दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक का पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन हादसे की गंभीरता को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। मामले की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद लोग तेज गति से वाहन चलाने और शराब के नशे में ड्राइविंग करने से बाज नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
दुर्ग पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील भी की जा रही है।
वहीं, अम्लेश्वर थाना प्रभारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके।







