अमलेश्वर नगर पालिका में पांच एल्डरमैन नियुक्त, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति, अब 24 जनप्रतिनिधि सुनेंगे जनता की समस्या
अमलेश्वर। दुर्ग जिले के अंतर्गत नगर पंचायत, नगर पालिका एवं नगर निगमों में एल्डरमैन की नियुक्ति कर दी गई है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में पांच भाजपा कार्यकर्ताओं को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। इनमें सुनील शर्मा, श्रीमती भारती यादव, लक्ष्मी देवांगन, हीरालाल साहू एवं रामाधार साहू के नाम पर मुहर लगी है।
एल्डरमैन की नियुक्ति के बाद नगर पालिका परिषद अमलेश्वर की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। नगरवासियों को उम्मीद है कि अब जनहित के मुद्दों और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। लंबे समय से नगर के लोग मूलभूत सुविधाओं की कमी और अवैध कब्जों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में नव-नियुक्त एल्डरमैनों से इन समस्याओं के समाधान की अपेक्षा की जा रही है।

नगर में अब इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि पांचों एल्डरमैन नगर के विकास में किस प्रकार अपनी भूमिका निभाएंगे और आम नागरिकों की समस्याओं को कितनी जिम्मेदारी के साथ पालिका प्रशासन के समक्ष रखकर उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
लगातार जनहित के मुद्दों पर अपेक्षित कार्य नहीं होने के कारण विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के पार्षदों में भी नाराजगी देखी जा रही थी। ऐसे में एल्डरमैनों की नियुक्ति से नगरवासियों को उम्मीद है कि विकास कार्यों में आ रही रुकावटों पर विराम लगेगा।

अब नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में अध्यक्ष ,18 पार्षदों और 5 एल्डरमैन सहित कुल 24 जनप्रतिनिधि पालिका प्रशासन के साथ मिलकर नगर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेंगे।



