अम्लेश्वर के राजनीति में उबाल, शिवसेना के प्रदेश सचिव, छाया पालिका अध्यक्ष, हिमांशु शर्मा ने थामा कांग्रेस का दामन, 65 युवा साथियों के साथ ली सदस्यता

अम्लेश्वर। शिवसेना के प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर के छाया नगर पालिका अध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अम्लेश्वर नगर पालिका क्षेत्र से हिमांशु शर्मा सहित उनके साथ आए 65 युवा साथियों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
हिमांशु शर्मा ने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने से अम्लेश्वर नगर पालिका की राजनीति में नया समीकरण बनता नजर आ रहा है और नगर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नगर के लोगों के बीच अब यह चर्चा का विषय बन गया है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता नगर में व्याप्त मूलभूत समस्याओं और जनहित के मुद्दों को किस प्रकार से उठाएंगे। नगर में लगातार सड़क, स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन पालिका प्रशासन अब तक नागरिकों को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने में असफल नजर आ रहा है।
वहीं, अम्लेश्वर नगर पालिका में तथाकथित ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद विकास कार्यों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस के पार्षदों ने पूर्व में अवैध कब्जों सहित विभिन्न मांगों को लेकर पालिका की बैठक का बहिष्कार भी किया था। बावजूद इसके, अवैध कब्जों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
ऐसे में हिमांशु शर्मा के कांग्रेस में प्रवेश के बाद नगर की राजनीति में नई सक्रियता आने की संभावना जताई जा रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस किस प्रकार एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को उठाती है और भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी आवाज को और मुखर करती है।







