विकास खंड शिक्षाधिकारी ने प्राथमिक शाला के बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, कराया ‘नेवता भोजन’

सेलुद पाटन। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) डी. के. देवांगन ने अपना जन्म दिवस एक अनूठे और सेवाभावी अंदाज में मनाया। उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला चुनकट्टा के बच्चों के बीच पहुंचकर न केवल अपना जन्मदिन साझा किया, बल्कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान भी बिखेरी।
इस विशेष अवसर पर श्री देवांगन ने स्कूल के सभी बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन के तहत ‘नेवता भोजन’ का शानदार आयोजन किया। कार्यक्रम में बच्चों को बड़े चाव से खीर, पूरी, मिठाई और केक खिलाया गया। शिक्षा विभाग के आला अधिकारी को अपने बीच पाकर और ऐसा स्वादिष्ट भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
बच्चों के बीच खुशी तलाशना ही असली उत्सव: श्री देवांगन
इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी. के. देवांगन ने कहा, “इन मासूम बच्चों के चेहरों पर आने वाली मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में अपनत्व की भावना जगाना भी हमारा कर्तव्य है। ‘नेवता भोजन’ के माध्यम से बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने से जो आत्मिक सुख मिला है, वह अद्भुत है।”
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
इस हर्षोल्लास के क्षण में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के सपरिवार सहित सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप महिलांगे, श्रीमती सविता देशलहरे, संकुल प्राचार्य श्रीमती पियाली सेन, बीआरसी भुनेश्वर वर्मा, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती रोशनी सोनु राय, उपसरपंच अजय राजपूत,संकुल समन्वयक अशोक सिन्हा एसएमसी अध्यक्ष नरसिंग साहू, विधायक प्रतिनिधि सोनवानी एवं विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती धनेश्वरी बंजारे विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने देवांगन को जन्मदिन की बधाई दी और उनके इस आत्मीय प्रयास की सराहना की।







