अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

मगरघटा-परसदा मार्ग बंद होने से बढ़ी लोगों की परेशानी, शीघ्र मरम्मत की उठी मांग

अमलेश्वर/कुम्हारी। दुर्ग जिले अंतर्गत नगर पालिका परिषद अमलेश्वर और कुम्हारी क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मगरघटा-परसदा मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मार्ग बंद होने से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार एप्रोच पुलिया रोड क्षतिग्रस्त होने के कारण लोक निर्माण विभाग द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया के एक हिस्से से सीमित आवागमन संभव है, लेकिन दुर्घटना की आशंका को देखते हुए विभाग ने मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि पिछले लगभग एक सप्ताह से मौसम साफ है, इसके बावजूद अब तक मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

यह मार्ग अमलेश्वर और कुम्हारी के बीच रोजाना कामकाज, व्यापार, स्कूल-कॉलेज तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उपयोग करने वाले लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। मार्ग बंद होने से लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।

नाराज लोगों ने लोक निर्माण विभाग के प्रति असंतोष जताते हुए मांग की है कि क्षतिग्रस्त एप्रोच पुलिया की शीघ्र मरम्मत कर मार्ग को जल्द से जल्द आवागमन के लिए खोला जाए। वहीं लोगों ने यह भी कहा कि इस महत्वपूर्ण जनसमस्या पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है और वे मौन साधे हुए दिखाई दे रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर जनहित में आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!